खाड़ी संकट का असर, दुबई-अबूधाबी से भारत आने वाली फ्लाइटों का किराया एक लाख तक पहुंचा

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। दुबई और अबूधाबी से भारत लौटने वाले यात्रियों को काफी महंगी टिकटें खरीदनी पड़ रही हैं। कई यात्रियों ने बताया कि दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट का किराया 70 हजार से बढ़कर 1.15 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
मजबूरी में लोगों को ऊंचे दामों पर टिकट लेकर भारत लौटना पड़ रहा है, जबकि कुछ यात्री किराया कम होने का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान स्थिति में अबूधाबी, दुबई, कतर और जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए केवल सीधी फ्लाइटें ही संचालित हो रही हैं। युद्ध की स्थिति के कारण कनेक्टिंग फ्लाइटें बंद कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों के विकल्प सीमित हो गए हैं और किराया बढ़ गया है।
ट्रैवल्स एंड टूर्स एसोसिएशन के अनुसार इन शहरों से भारत के लिए रोजाना केवल दो से तीन फ्लाइटों को ही अनुमति मिल रही है। यात्रियों की संख्या अधिक और सीटें कम होने के कारण टिकटों की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं। सामान्य दिनों में दुबई और अबूधाबी से भारत आने का किराया 10 से 14 हजार रुपये रहता है, जबकि पीक सीजन में यह 15 से 20 हजार रुपये तक होता है। वर्तमान में यही किराया बढ़कर करीब एक लाख रुपये तक पहुंच गया है।
दुबई और अबूधाबी जाने वाली कई टिकटें भी रद्द हो रही हैं। ट्रैवल्स कंपनियों के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के बाद विदेश यात्रा की योजना बनाने वाले कई लोगों ने मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी बुकिंग रद्द कर दी है। मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल में यात्रा की योजना बनाने वाले लोग भी फिलहाल स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
दुबई में रह रहे कुछ भारतीयों ने बताया कि वहां फंसे लोगों की मदद के लिए सामाजिक संगठन आगे आए हैं और उन्हें रहने व भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। कई लोग खर्च कम करने के लिए समूह में टिकट बुक कराने का प्रयास कर रहे हैं।
यात्रियों का कहना है कि कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा करने पर फ्लाइट रद्द होने का खतरा बना रहता है, इसलिए लोग अधिक किराया होने के बावजूद सीधे उड़ान से भारत लौटना पसंद कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय संकट या युद्ध की स्थिति में एयरलाइंस कंपनियां कई देशों के एयरस्पेस से बचते हुए लंबा मार्ग अपनाती हैं। इससे उड़ान का समय और ईंधन खर्च बढ़ जाता है, जिसके कारण टिकट की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी हो जाती है।
ट्रैवल्स एजेंसियों के अनुसार दुबई, अबूधाबी, जेद्दा और कतर से भारत आने वाली टिकटों की मांग अभी अधिक है। सीमित विकल्पों के कारण किराया बढ़ा हुआ है और अगले चार से पांच दिनों तक स्थिति इसी तरह बनी रहने की संभावना है।





