MP Weather Update: भोपाल, राजगढ़ और रीवा में कड़ाके की ठंड, दो दिन बाद मिल सकती है राहत

मध्य प्रदेश में उत्तर और उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। भोपाल, राजगढ़ और रीवा में तीव्र शीतलहर का असर देखने को मिला, जबकि सीहोर, इंदौर, शाजापुर, सतना, शहडोल, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव और शिवपुरी में भी शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड के तेवर अभी दो दिन और बरकरार रह सकते हैं, जिसके बाद हवाओं का रुख बदलने से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
शनिवार को राजगढ़ में तापमान सीजन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया और रात का पारा 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे सुबह और देर शाम ठंड का असर और अधिक तेज महसूस किया जा रहा है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, वर्तमान में हवाओं की दिशा उत्तर और उत्तर-पूर्वी बनी हुई है, जिसके कारण सर्द हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं। इसी वजह से शीतलहर की स्थिति बनी है। मौसम केंद्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका के पास एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके असर से प्रदेश में हवाओं के साथ कुछ नमी आने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी बीच-बीच में हवाओं का रुख पूर्वी भी होता है, लेकिन हवा की गति धीमी होने से भी रात का तापमान कम बना हुआ है। प्रदेश के आसपास के राज्यों में भी तापमान सामान्य से नीचे है, जिसका असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ रहा है।
दो दिन बाद बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से हवा में नमी बढ़ सकती है, जिससे शीतलहर में कमी आएगी और ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।





