सांसद अभिषेक बनर्जी का बयान, हमेशा ममता बनर्जी के रहेंगे साथ

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक अफवाह है और वह हमेशा ममता बनर्जी का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, “बाजार में यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि मैं भाजपा में जा रहा हूं। लेकिन यह पूरी तरह गलत है। जब तक मैं जीवित हूं, ममता बनर्जी का समर्थन करता रहूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर टीएमसी को अपने नेताओं का समर्थन मिलता रहा तो पार्टी भाजपा की रणनीतियों को विफल करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नेताओं की पहचान की है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाता सूची में हेरफेर कर रही है। उन्होंने यह दावा किया कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में मतदाता सूची में अनियमितताएं पाई गई हैं। ममता बनर्जी ने इस मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने की घोषणा की।





