मोपका में मां-बेटा गांजा के साथ गिरफ्तार, डेढ़ किलो से ज्यादा जब्त

बिलासपुर: के मोपका थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बिक्री में लिप्त मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1.425 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाटापारा, मोपका निवासी जीतन बाई वर्मा अपने घर में अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही मोपका पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान बरामदे में सीढ़ी के नीचे रखे एक झोले से 1 किलो 425 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में जीतन बाई के बेटे महेंद्र उर्फ बांडया वर्मा ने कबूल किया कि वही गांजा लाकर अपनी मां को देता था। इसके बाद पुलिस ने मां जीतन बाई और बेटे महेंद्र उर्फ बांडया वर्मा दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।





