Morning Big News: गृह मंत्री अमित शाह 6 फरवरी को आएंगे छत्तीसगढ़, सीएम साय ने DGP अशोक जुनेजा को सेवानृवित्त होने पर दी बधाई, कांग्रेस आज करेगी घोषणा पत्र जारी

Morning Big News (रायपुर) : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का 6 फरवरी को छत्तीसगढ़ आगमन होगा। शाह दिल्ली से रायपुर एयरपोर्ट दोपहर 12.25 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर द्वारा प्रज्ञागिरी डोगरगढ़ हैलीपैड आएंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा चंद्रगिरी तीर्थ के लिए रवाना होंगे। अमित शाह जी श्री चंद्रगिरी तीर्थ में दोपहर 1.10 बजे पधारेंगे। जहां वे विभिन्न कार्यक्रम के तहत आचार्य गुरुवर श्री विद्यासागर जी महामुनिराज के ‘प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव व श्री 1008 सिद्धचक्र विधान विश्व शांति महायज्ञ में शामिल होंगे।
दोपहर 2.10 बजे से 2.40 मिनट तक श्री अमित शाह जी विद्यायतन समाधि स्मारक चन्द्रगिरी तीर्थ डोंगरगढ़ में आयोजित विनयांजलि समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्वात श्री अमित शाह जी सड़क मार्ग द्वारा दोपहर 2 .50 बजे छोटी बमलेश्वरी माता मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे प्रज्ञागिरी डोगरगढ़ से अपराह्न 3.45 बजे पर माना रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां केंद्रीय गृहमंत्रीअमित शाह जी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
सीएम ने अशोक जुनेजा को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने सेवानिवृत्ति के अवसर पर श्री जुनेजा को शुभकामनाएं दीं और उनकी दीर्घकालिक सेवा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि अशोक जुनेजा ने अपनी दीर्घ सेवाअवधि के दौरान पुलिस बल को अधिक सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत उपस्थित थे।
कांग्रेस आज करेगी घोषणा पत्र जारी
नगरीय निकाय चुनाव हेतु कांग्रेस का घोषणा पत्र 5 फरवरी को सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन सहित प्रदेश के सभी मुख्य शहरों में एक साथ जारी किया जायेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज रायपुर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मनेन्द्रगढ़, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कवर्धा, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव अंबिकापुर, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे राजनांदगांव, पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू महासमुंद, पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम कोण्डगांव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल चिरमिरी, पूर्व मंत्री उमेश पटेल रायगढ़, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत बिलासपुर, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल गरियाबंद, विधायक लखेश्वर बघेल जगदलपुर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गुरूमुख सिंह होरा धमतरी में घोषणा पत्र जारी करेंगे।





