मुरादाबाद: ISI एजेंट होने के आरोप में युवक गिरफ्तार, पत्नी ने बताया बेकसूर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से रविवार को एक युवक शहजाद को यूपी एटीएस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करता था। उसे पूछताछ के लिए लखनऊ ले जाया गया है।
शहजाद की पत्नी रजिया ने उसके खिलाफ लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। रजिया ने कहा कि शहजाद का कपड़े का कारोबार है और वह साल में एक-दो बार पाकिस्तान के लाहौर जाकर सूट लाकर भारत में बेचता था। अगर कारोबार नहीं चलता तो वह फल-फ्रूट का ठेला भी लगाता था।
रजिया ने कहा, “मेरे पति के साथ बहुत जुल्म हो रहा है। लोग उन्हें बिना वजह दोषी ठहरा रहे हैं। उनका ISI से कोई लेना-देना नहीं है।”
यूपी एटीएस ने बताया है कि शहजाद भारत-पाक सीमा पर कई बार गया है और उससे पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। फिलहाल जांच जारी है और कई और खुलासे होने की उम्मीद है।
पत्नी से पूछे जाने पर कि क्या शहजाद के साथ कोई और भी पाकिस्तान जाता था, रजिया ने कहा कि वह हमेशा अकेले ही जाता था और कपड़ा लाकर वापस आ जाता था।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शहजाद का वाकई कोई जासूसी नेटवर्क से संबंध है या नहीं।





