जम्मू-कश्मीर समेत 6 राज्यों में मॉक ड्रिल स्थगित, पंजाब में 3 जून को होगी

दिल्ली। पाकिस्तान से सटे छह राज्यों में गुरुवार को प्रस्तावित मॉक ड्रिल ‘ऑपरेशन शील्ड’ को स्थगित कर दिया गया है। इन राज्यों में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ शामिल हैं।
पंजाब ने नई तारीख का ऐलान करते हुए कहा कि ड्रिल अब 3 जून को होगी, जबकि अन्य राज्यों ने अभी नई तिथियां तय नहीं की हैं। गुरुवार को प्रस्तावित ‘ऑपरेशन शील्ड’ नाम की मॉक ड्रिल को पाकिस्तान सीमा से सटे छह राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में स्थगित कर दिया गया है।
पंजाब में 3 जून को होगी मॉक ड्रिल
पंजाब सरकार ने नई तारीख की घोषणा करते हुए बताया कि राज्य में मॉक ड्रिल अब 3 जून को कराई जाएगी। अन्य राज्यों में नई तिथियों की घोषणा अभी नहीं हुई है। इससे पहले 7 मई को देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल कराई गई थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को हमले या युद्ध जैसी स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने की ट्रेनिंग देना था।
1971 के युद्ध के बाद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर अभ्यास
इस प्रकार की मॉक ड्रिल पिछली बार 1971 में भारत-पाक युद्ध के समय हुई थी। अब फिर से इसे दोहराया जा रहा है, जिससे देश के नागरिक किसी आपात स्थिति के लिए तैयार रह सकें।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बढ़ा तनाव
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इसमें 100 आतंकियों को मार गिराया गया था। इसी कारण दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।
क्या होती है मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट एक्सरसाइज
मॉक ड्रिल एक प्रकार का सुरक्षा अभ्यास है जिसमें नागरिकों और प्रशासन को आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कराई जाती है। वहीं, ब्लैकआउट एक्सरसाइज में तय समय के लिए पूरे इलाके की बिजली बंद कर दी जाती है ताकि दुश्मन हमले की स्थिति में निशाना न साध सके।
244 शहरों में 12 मिनट का ब्लैकआउट
7 मई को देश के 25 राज्यों के 244 शहरों में 12 मिनट की ब्लैकआउट एक्सरसाइज की गई थी। इसमें लोगों को सुरक्षा, निकासी और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। देश के 259 सिविल डिफेंस जिलों को उनकी संवेदनशीलता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। कैटेगरी-1 में 13 जिले शामिल हैं, जिनमें यूपी का बुलंदशहर भी है, जहां नरौरा न्यूक्लियर प्लांट मौजूद है।





