रायपुर रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल, त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर 19 सितंबर 2025 को शाम 7:30 बजे से रात 9:45 बजे तक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अचानक स्टेशन पर हड़कंप की सूचना और हाई अलर्ट की घोषणा से यात्रियों में शुरू में चिंता की लहर दौड़ी, लेकिन थोड़ी देर बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल सुरक्षा अभ्यास था।
इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने किया। इसमें मंडल वाणिज्य प्रबंधक राकेश कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक आनंद, सहायक सुरक्षा आयुक्त संदीप दा खीरटकर, पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, सीआईबी निरीक्षक निशा भोईर, जीआरपी थाना प्रभारी भोलानाथ मिश्रा, मुख्य स्टेशन प्रबंधक रमेश मंडल और टी. नाग (सीसीआई) समेत कुल 77 अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
अभ्यास के दौरान स्टेशन के होल्डिंग एरिया, प्रवेश और निकास बिंदु, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण का अभ्यास किया गया। लाउड हेलर और पीए सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को दिशा-निर्देश दिए गए और स्टेशन पर गश्त व चेकिंग भी की गई। मॉक ड्रिल के तहत प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर गाड़ी संख्या 18029 और 15160 के आगमन और प्रस्थान को भी सुरक्षित तरीके से संचालित किया गया। डॉग स्क्वायड टीम की उपस्थिति से सुरक्षा प्रोटोकॉल का वास्तविक अनुभव सुनिश्चित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया को मजबूत किया जा सकेगा। यात्रियों ने भी इस अभ्यास को सराहा और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के महत्व को समझा।





