सड़क पर मोबाइल लूट: बहन से बात कर रही युवती से बदमाशों ने छीना फोन

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मोबाइल लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कुदुदण्ड स्थित तुलजा भवानी मंदिर के पास रहने वाली सुष्मिता, जो एक रेस्टोरेंट में काम करती हैं, 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटी थीं।
घर के पास वह अपनी छोटी बहन से बातचीत कर रही थीं, तभी पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया और तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से सुष्मिता घबरा गईं।
उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके।





