राजिम कुंभ मेले की अव्यवस्थाओं पर भड़के विधायक रोहित साहू, अधिकारियों को लगाई फटकार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित राजिम कुंभ कल्प मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा विधायक रोहित साहू ने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी पर कड़ा रुख अपनाया। मेले में व्यवस्थाओं की कमी देखकर विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई और सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

विधायक ने कहा कि आयोजन में लापरवाही से प्रदेश सरकार की साख को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कलाकारों और श्रद्धालुओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह मामला मुख्य रूप से मेले में प्रस्तुति देने आए कलाकारों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था से जुड़ा था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कलाकारों को करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया और उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इस बात की जानकारी मिलते ही विधायक तुरंत मौके पर पहुंचे।

इससे पहले भी पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी, अभद्र व्यवहार और अनावश्यक रोक-टोक के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के बाद विधायक ने प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे।

मौके पर पहुंचकर विधायक रोहित साहू ने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब मांगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने सभी को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि राजिम कुंभ मेला आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा आयोजन है, जिसकी गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

विधायक ने कहा कि श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आयोजन की सफलता के लिए सभी जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों को पूरी गंभीरता से काम करना होगा।

अव्यवस्था से नाराज विधायक रोहित साहू ने बाद में सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट ले जाकर भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक के इस कदम के बाद प्रशासन और इवेंट कंपनी पर व्यवस्थाएं सुधारने का दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आगे मेले में बेहतर इंतजाम किए जाएंगे और ऐसी समस्याएं दोबारा नहीं होंगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई