पानी, आवास, बिजली और वनाधिकार पट्टों की समस्याओं को लेकर कोटा एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे विधायक अटल श्रीवास्तव

बिलासपुर।करगीरोड, 28 अप्रैल 2025:कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने बताया कि कोटा विधानसभा क्षेत्र के लोग पानी, आवास, बिजली और वनाधिकार पट्टों की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पीने के पानी की भारी किल्लत है और लोग परेशान हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों ने आवेदन तो दिए हैं, लेकिन न तो स्वीकृति मिल रही है और न ही जिनके आवास स्वीकृत हुए हैं, उन्हें सस्ता और जरूरी रॉ मटेरियल जैसे रेत मिल पा रहा है। रेत अगर मिल भी रही है, तो बहुत महंगे दामों पर।

विधायक ने बताया कि सरकार भले ही वनाधिकार पट्टा देने की बात करती है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा है। वहीं, कोटा क्षेत्र में बिजली कटौती की भी गंभीर समस्या है। कई बार कोटा में मुख्य बिजली कार्यालय खोलने के लिए भी मांग उठाई गई है, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर ‘सुशासन तिहार’ में भी आवेदन दिए गए थे, मगर अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की। इससे जनता बेहद परेशान है।

उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों और क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर जल्द ही कोटा एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। घेराव की रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button