अवैध रेत उत्खनन पर भड़की विधायक, रात 2 बजे तक धरने पर बैठीं; खनिज विभाग के अफसर नहीं पहुंचे

क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी ने चारामा क्षेत्र के हाराडुला रेतघाट पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन देर रात तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इससे नाराज विधायक रात 2 बजे तक धरने पर बैठी रहीं। बाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार अभियान

विधायक सावित्री मंडावी को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। बताया गया कि हाराडुला खदान में रात के समय मशीनों के जरिए अवैध खनन किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं। हालांकि उनकी दबिश की सूचना मिलते ही वाहन चालक और मशीन ऑपरेटर वहां से फरार हो गए।

इससे पहले भी विधायक ने कई बार अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हाल ही में दुर्गूकोंदल क्षेत्र की एक खदान में भी उन्हें कई घंटे धरने पर बैठना पड़ा था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कई वाहनों और मशीनों को जब्त किया था।

प्रशासन को पहले ही सौंपा था पत्र

विधायक ने कुछ दिन पहले जिला प्रशासन को पत्र लिखकर अवैध उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि क्षेत्र के लोगों की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग सक्रिय नहीं है, जिसके कारण उन्हें स्वयं मौके पर जाकर निगरानी करनी पड़ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन में शामिल बाहरी तत्व क्षेत्र का माहौल प्रभावित कर रहे हैं और यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो उन्हें आगे भी ऐसे स्थलों पर जाना पड़ेगा।

सीसीटीवी बंद होने पर उठे सवाल

मामले में यह भी सामने आया है कि क्षेत्र के जांच नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। स्थानीय जानकारों का कहना है कि अवैध परिवहन पर निगरानी रखने के लिए लगाए गए कैमरों के बंद रहने से रेत तस्करी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

इस घटनाक्रम के बाद अवैध खनन को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का दावा किया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button