Breaking News:चुनाव से पहले लापता ग्रामीण का नर कंकाल जंगल में मिला, हत्या या हादसा?

Breaking News:कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पंचायत चुनाव से ठीक पहले लापता हुए एक ग्रामीण का नर कंकाल जंगल में खेत के बीच मिला है। यह मामला उरगा थाना क्षेत्र के साजापानी गांव का है। शव के अलग-अलग हिस्से बिखरे हुए मिले, और पास में रखे पैरा में खून के निशान भी पाए गए हैं।

कपड़ों के आधार पर हुई पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान बुधवार सिंह (40), पिता साहेततर मांझी के रूप में की है। बुधवार सिंह 22 फरवरी को लापता हो गया था, जो पंचायत चुनाव से एक दिन पहले की बात है। शव की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की गई। हालांकि, यह हत्या का मामला है या कोई हादसा हुआ है, इसकी जांच की जा रही है।

नशे का आदी था मृतक, पत्नी भी छोड़कर जा चुकी थी

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सिंह मजदूरी करता था और नशे का आदी था। उसकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसका एक बेटा है, जो मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ है। उसकी दूसरी पत्नी भी दो महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह अकेले रह रहा था।

चरवाहे ने देखा नर कंकाल, देरी से मिली सूचना

गांव के चरवाहे ठंडाराम ने खेत में नर कंकाल देखा था, लेकिन वह गांव चला गया था और तत्काल सूचना नहीं दे सका। जब वह शनिवार को लौटा, तो उसने मृतक के भतीजे शोभाराम को इसकी जानकारी दी। शोभाराम ने मौके पर जाकर देखा और तुरंत गांव के कोटवार जगमोहन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस जांच में जुटी, फोरेंसिक टीम भी पहुंची

उरगा थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही शनिवार शाम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया। एसपी और सीएसपी कोरबा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामला संदिग्ध, हत्या की आशंका से इनकार नहीं

पुलिस के मुताबिक, शव के टुकड़े अलग-अलग जगह पाए गए हैं और पास में खून के निशान भी मिले हैं। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई