मेगा हेल्थ कैंप 2025 में ऐतिहासिक रिकॉर्ड, एक दिन में 17,526 मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

राजधानी के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप–2025 ने जनसेवा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 18 से 22 दिसंबर तक चल रहे इस शिविर में शनिवार को एक ही दिन में 17,526 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में पंजीयन काउंटरों से लेकर जांच कक्षों तक भारी भीड़ देखी गई।

शिविर की खास बात यह रही कि इलाज के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों के लिए फल, नाश्ता और पूरा भोजन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। लंबी कतारों और अधिक भीड़ के बावजूद भोजन व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित रही। स्वयंसेवकों द्वारा समय पर पौष्टिक भोजन वितरित किया गया, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को बड़ी राहत मिली। मरीजों ने बताया कि इलाज के दौरान भोजन की चिंता न होने से वे निश्चिंत होकर जांच और परामर्श करा सके।

मेगा हेल्थ कैंप में नेत्र रोग, सुपर स्पेशलिटी, सर्जरी, हृदय रोग, मेडिसिन, श्वसन रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी रोग, पेट रोग, शिशु रोग, दंत, आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर सहित सभी प्रमुख विभागों में सेवाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, इको, पैथोलॉजी, स्क्रीन डिटेक्टर, बीपी और शुगर जांच जैसी आधुनिक सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

एक दिन में विभागवार आंकड़ों के अनुसार नेत्र रोग विभाग में 752, आयुर्वेदिक में 709, होम्योपैथी में 600, एक्यूप्रेशर में 325, पैथोलॉजी में 941, दंत में 450, फिजियोथेरेपी में 450, बीपी जांच में 5300 और शुगर जांच में 4337 लाभार्थियों ने सेवाएं लीं। इसके अलावा सुपर स्पेशलिटी, सर्जरी, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, शिशु रोग सहित अन्य विभागों में भी बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। कुल लाभार्थियों की संख्या 17,526 रही।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे कुरूद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर ने रायपुर पश्चिम विधायक एवं कार्यक्रम आयोजक राजेश मूणत के साथ विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने पंजीयन, जांच कक्ष, नेत्र विभाग और भोजन वितरण स्थल का निरीक्षण कर मरीजों और चिकित्सकों से संवाद किया।

अजय चंद्राकर ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर निःशुल्क इलाज, आधुनिक जांच, दवाइयों और भोजन की व्यवस्था करना एक असाधारण और अनुकरणीय पहल है। यह शिविर जनसेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं राजेश मूणत ने कहा कि शिविर का उद्देश्य यही है कि कोई भी नागरिक इलाज या भोजन के अभाव में वंचित न रहे, इसी सोच के साथ पूरी व्यवस्था निःशुल्क रखी गई है।

आयोजकों के अनुसार रविवार को आयुर्वेद विभाग में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और बौद्धिक विकास के लिए उपयोगी माना जाता है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इलाज, पोषण और मानवीय संवेदना का यह समन्वय मेगा हेल्थ कैंप–2025 को जनकल्याण का आदर्श मॉडल बना रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई