रायपुर में मेगा हेल्थ कैंप 2025 बना जनसेवा की मिसाल, हजारों लोगों को मिली निःशुल्क जांच और इलाज

राजधानी रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित मेगा हेल्थ कैंप 2025 में बड़ी संख्या में लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य, सेवा और मानवता का व्यापक उदाहरण देखने को मिला, जहां प्रतिदिन हजारों मरीजों की जांच और उपचार किया गया।
शिविर के चौथे दिन आयुर्वेद विभाग द्वारा 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, बार-बार होने वाले संक्रमण से बचाव और शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक माना जाता है। कुल 1200 बच्चों को यह औषधि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया। इस दौरान छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हसके और रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत भी मौजूद रहे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव बचपन से ही मजबूत करना जरूरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ऐसे शिविरों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में वंचित न रहे।
मेगा हेल्थ कैंप में देश के 42 प्रतिष्ठित अस्पतालों से आए 55 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और सिकंदराबाद से आए विशेषज्ञों ने गंभीर और जटिल बीमारियों की जांच और परामर्श दिया। शिविर में एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, इको और पैथोलॉजी जैसी सभी जांचें निःशुल्क की गईं। महिलाओं के लिए स्तन कैंसर, मुख, गला और बच्चेदानी के कैंसर की विशेष जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
दंत विभाग में आधुनिक तकनीक से जांच की गई, जहां रिपोर्ट मरीजों को तुरंत उपलब्ध कराई गई। दिव्यांगजनों के लिए जयपुर पैर और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और श्रवण यंत्र भी निःशुल्क प्रदान किए गए।
शिविर में पंजीयन से लेकर जांच और परामर्श तक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों ने सेवाएं दीं। मरीजों के लिए भोजन, नाश्ता और फल की निःशुल्क व्यवस्था की गई।
मेगा हेल्थ कैंप 2025 में हजारों लोगों को विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। यह आयोजन स्वास्थ्य, सेवा और समर्पण की भावना को दर्शाते हुए जनकल्याण का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।





