हाईटेंशन तार से टकराई तेंदूपत्ता लदी माजदा, धू-धू कर जली
चालक समेत 6 लोगों ने कूदकर बचाई जान, लाखों का नुकसान

अंबागढ़। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ग्राम केशला में तेंदूपत्ता से लदी एक माजदा वाहन हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर जल गई। हादसे में लाखों रुपए का तेंदूपत्ता और वाहन जलकर खाक हो गया। हालांकि वाहन में सवार चालक समेत 6 लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, अडमागोंदी गांव स्थित तेंदूपत्ता फड़ से तेंदूपत्तों से भरे बोरे लोड कर स्वराज माजदा वाहन डोंगरगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम केशला में वाहन ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी सीधे तेंदूपत्ता की बोरियों पर गिरी और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते वाहन को बस्ती से दूर ले जाकर खड़ा किया, ताकि बड़ा हादसा न हो सके। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन का अधिकांश हिस्सा और तेंदूपत्ता जल चुका था।
बताया जा रहा है कि वाहन राजनांदगांव निवासी तेंदूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक का था। वाहन में करीब 10 लाख रुपए कीमत का तेंदूपत्ता लदा हुआ था। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गोटाटोला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खोमन भंडारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





