राजस्थान, यूपी सहित 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्लीवासी गर्मी से परेशान

दिल्ली। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में 3 दिन से बर्फबारी हो रही है, जिससे कई सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। लाहौल स्पीति, चंबा और किन्नौर जिलों में भारी बर्फबारी के कारण सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
उत्तराखंड के गंगोत्री में 4 फीट तक बर्फबारी हुई है। जम्मू-कश्मीर में भी ताजा बर्फबारी हो रही है, जिससे श्रीनगर एयरपोर्ट पर रनवे से बर्फ हटाई जा रही है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और अन्य 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में बीकानेर समेत 6 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम में बदलाव के साथ बारिश हो रही है।
दिल्ली में इस बार फरवरी में 74 साल में सबसे ज्यादा गर्मी पाई गई। 27 फरवरी को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो 1951 से 2025 तक का सबसे अधिक तापमान है। मध्य प्रदेश में 4 मार्च से मौसम में बदलाव की संभावना है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक तेज गर्मी रहेगी, और अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।





