MAUSAM: छत्तीसगढ़ के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 दिन तक आंधी-बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के 19 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, केंद्रीय छत्तीसगढ़ के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कोरबा और कोरिया में बिजली गिरने की आशंका है, जबकि रायगढ़ और रायपुर समेत अन्य इलाकों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 22 मई को 22 जिलों में और 23 मई को 25 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
पिछले 36 घंटों में मरवाही और भैरमगढ़ में 30 मिमी, कापू में 20 मिमी और सिमगा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मनेन्द्रगढ़, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, दुर्ग, धमतरी, कांकेर, दंतेवाड़ा सहित 17 जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। वहीं रायगढ़, रायपुर, महासमुंद, सुकमा, बीजापुर सहित 16 जिलों में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है।





