रायगढ़ के कोतरा रोड में विद्युत मंडल के स्टोर रूम में भीषण आग

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित कोतरा रोड में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के स्टोर रूम में सोमवार सुबह सात बजे अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास की तीन से ज्यादा कॉलोनियों में रहने वाले लोग अपने घर छोड़कर जान बचाकर भागे।

आग लगने का कारण अब तक अज्ञात

स्टोर रूम में रखे ट्रांसफार्मर के तार में अचानक आग लगने के कारण चारों ओर धुआं फैल गया। इससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, रायगढ़ एसडीएम प्रवीण तिवारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने विद्युत विभाग के बड़े अधिकारी और स्टोर प्रभारी गुंजन शर्मा से भी बात की और आग लगने के कारणों का पता लगाने का निर्देश दिया।

12 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों ने नगर निगम और अन्य संस्थानों की फायर ब्रिगेड की मदद मांगी। एनटीपीसी, जिंदल, अडानी और नलवा की कई फायर ब्रिगेड ने मिलकर युद्ध स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 12 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार पांच घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

20 से 25 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका

विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा और स्टोर प्रभारी गुंजन शर्मा के अनुसार, स्टोर रूम में पुरानी ट्रांसफार्मर और तार बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। आग से लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे नए ट्रांसफार्मर और अन्य महंगे सामान सुरक्षित रहे।

रायपुर से पहुंचे नए ट्रांसफार्मर सुरक्षित

गनीमत यह रही कि आज ही रायपुर से सौ से अधिक नए ट्रांसफार्मर रायगढ़ के इस स्टोर में पहुंचे थे। वे अभी गाड़ियों में लोड होने के कारण आग की चपेट में नहीं आए। इसके अलावा, जहां नए ट्रांसफार्मर रखे गए थे, वह स्थान भी आग से बच गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

पुलिस और विद्युत विभाग की टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग कैसे लगी। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button