प्रयागराज में भीषण आग; महाकुंभ के टेंट लगाने वाली कंपनी का गोदाम खाक, 3 किमी दूर तक दिखीं लपटें और धुआं

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार सुबह एक बड़ी आग की घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को हिला दिया। संगम क्षेत्र स्थित परेड ग्राउंड में महाकुंभ के लिए टेंट लगाने वाली प्रसिद्ध कंपनी लल्लूजी एंड संस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें और काला धुआं तीन किलोमीटर दूर से साफ नजर आ रहा था।
सुबह करीब 7 बजे आग लगने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने इलाके के दो किलोमीटर क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया और आसपास के लोगों को अलर्ट किया गया। गोदाम में रखे गए करीब तीन लाख बांस-बल्लियां, टेंट के पर्दे और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को और विकराल बना दिया। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने शुरुआत में बाल्टी और पाइप से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैल गईं।
कारण अब तक अज्ञात, जांच जारी
अब तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ब्रिज से गुजर रहे लोगों ने लपटें देखकर रुककर वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस को भीड़ हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
2025 महाकुंभ की तैयारियों को झटका
लल्लूजी एंड संस को 2025 में होने वाले महाकुंभ में टेंट लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए देशभर के 6 शहरों से सामान मंगवाया गया था, जिनमें से बड़ी मात्रा में सामग्री इस गोदाम में रखी गई थी। कंपनी का नेटवर्क दिल्ली, उज्जैन, हरिद्वार और अहमदाबाद तक फैला हुआ है और यह हरिद्वार, उज्जैन, नासिक जैसे प्रमुख धार्मिक मेलों में टेंट लगाने का अनुभव रखती है। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा। राहत और बचाव कार्य फिलहाल जारी है।





