पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 4 की मौत

दिल्ली। पंजाब के मुक्तसर जिले के सिंघेवाला गांव में गुरुवार देर रात एक पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका हुआ। इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य मलबे में दब गए। घटना रात करीब 1.30 बजे की है, जब फैक्ट्री में रात की शिफ्ट के बाद मजदूर सो रहे थे। फैक्ट्री वर्कर अरुण के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए।
27 घायल, बठिंडा एम्स में भर्ती
धमाके में 27 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बठिंडा एम्स अस्पताल भेजा गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
फैक्ट्री वैध, लाइसेंस मौजूद: पुलिस
लंबी के डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री वैध रूप से चल रही थी और इसके पास लाइसेंस भी मौजूद है। फैक्ट्री रिहायशी इलाके से दूर खेतों में स्थित थी, ताकि सुरक्षा बनी रहे।
जांच शुरू, कारणों का पता लगाया जा रहा
धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन व पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। आसपास के गांवों में घटना के बाद दहशत का माहौल है।





