रायगढ़ में सामूहिक विवाह समारोह, 190 जोड़े लेंगे नए जीवन की शुरुआत, मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से देंगे आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 190 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे और नए जीवन की शुरुआत करेंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देंगे। यह आयोजन कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न कराया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी एलआर कच्छप के अनुसार, जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से चयनित जोड़े इसमें भाग लेंगे।
इस वर्ष रायगढ़ जिले को 300 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला था। इसमें से 110 जोड़ों का विवाह पहले ही कराया जा चुका है। शेष 190 जोड़ों के विवाह के साथ यह लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
योजना के तहत प्रत्येक नववधु को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 35 हजार रुपए चेक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से सीधे कन्या को दिए जाते हैं। 7 हजार रुपए परिधान और श्रृंगार सामग्री पर तथा 8 हजार रुपए विवाह आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
इस योजना का लाभ गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले और मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र परिवारों को दिया जाता है। योजना के लिए कन्या का छत्तीसगढ़ का निवासी होना और प्रथम विवाह होना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य समाज में फिजूलखर्च पर रोक लगाना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। प्रशासन की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।





