नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी: 21 लाख का इनामी माओवादी सुखराम मरकाम ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर। नक्सल विरोधी अभियान में ओडिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 21 लाख रुपए के इनामी और लंबे समय से सक्रिय माओवादी सुखराम मरकाम उर्फ योगेश उर्फ सुरेश ने ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
आत्मसमर्पण के दौरान सुखराम मरकाम के पास से एक एसएलआर राइफल और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। वह माओवादी संगठन में एसीएम (ACM) रैंक का सक्रिय कैडर था और वर्ष 2010 से संगठन से जुड़ा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सुखराम कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
माओवादी सुखराम मरकाम मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में नक्सल गतिविधियों से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज थे।
लगातार दबाव और सघन नक्सल विरोधी अभियानों के चलते सुखराम ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। मलकानगिरी के एसपी विनोद पाटिल ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इस आत्मसमर्पण से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले समय में अन्य नक्सलियों के भी सरेंडर करने की उम्मीद है।





