ममता बनर्जी का बीजेपी पर बड़ा आरोप, कहा- ‘बंगाल में दंगे कराने की हो रही साजिश’

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सांप्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी उकसावे में न आएं और शांति बनाए रखें।

ईद के मौके पर कोलकाता की ईदगाह में पहुंचीं ममता बनर्जी ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी और साथ ही नवरात्रि की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और सभी त्योहार मिलकर मनाते हैं। लेकिन कुछ ताकतें समाज को बांटने की कोशिश कर रही हैं।”

बीजेपी पर लगाया ‘बांटो और राज करो’ का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी का एकमात्र उद्देश्य समाज में दरार पैदा करना और राजनीतिक लाभ उठाना है। उन्होंने कहा, “बीजेपी का काम ही है बांटना और राज करना। वे हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को लड़ाने की कोशिश करते हैं। लेकिन मैं आप सबसे अपील करती हूं कि इनके बहकावे में न आएं।”

ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “हम नवरात्रि भी मनाते हैं और ईद भी, लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी त्योहार हिंसा का कारण न बने।”

‘दीदी आपके साथ है, डरने की जरूरत नहीं’

मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि वे हमेशा उनके साथ हैं। उन्होंने कहा, “मैं अकेले ही 100 के बराबर हूं। जब तक दीदी है, आपको कोई डरने की जरूरत नहीं है। अगर कोई आपको उकसाने की कोशिश करे, तो उनके जाल में मत फंसना।”

‘लाल और गेउआ एक हो गए हैं’

ममता बनर्जी ने कहा कि पहले वाम दल धर्मनिरपेक्षता की बात करते थे, लेकिन अब वे बीजेपी के साथ मिलकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज ‘लाल’ और ‘गेउआ’ (भगवा) एक हो गए हैं। लेकिन हम अकेले भी लड़ेंगे और किसी को भी बंगाल में हिंसा नहीं करने देंगे।”

‘यूपी-गुजरात में भी देखो कितने दंगे हुए’

बीजेपी पर हमला करते हुए ममता बनर्जी ने सवाल किया कि बीजेपी को सिर्फ बंगाल में ही दंगे दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा, “हमसे पूछा जाता है कि बंगाल में कितने दंगे हुए। लेकिन मैं पूछती हूं कि यूपी, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली में कितने दंगे हुए? बीजेपी हमेशा लोगों को बांटने की राजनीति करती है।”

‘गंदे उकसावे में न आएं’

ममता बनर्जी ने अंत में सभी नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की हिंसा में शामिल न हों। उन्होंने कहा, “अगर बीजेपी कुछ कहती है तो याद रखना, दीदी आपके साथ है। कोई डरने की जरूरत नहीं है। हमें प्यार और भाईचारे के साथ रहना है और दंगा भड़काने वालों को नजरअंदाज करना है।”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई