रायपुर में मतदाता सूची का बड़ा अपडेट: 561 नए मतदान केंद्र जुड़े, वोटिंग होगी और आसान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम तेजी से चल रहा है। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया को और मजबूत और आसान बनाया जा सके।

इस बार रायपुर जिले में मतदान केंद्रों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। पहले जिले में कुल 1923 मतदान केंद्र थे, जिनमें बलौदाबाजार के 110 केंद्र शामिल थे। अब यह संख्या बढ़कर 2484 हो गई है। यानी जिले में कुल 561 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। इससे मतदाताओं को अपने घर के पास मतदान करने की सुविधा मिलेगी।

विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो बलौदाबाजार में मतदान केंद्र 110 से बढ़कर 117 हो गए हैं। धरसीवां में 254 से 302, रायपुर ग्रामीण में 327 से 491, रायपुर नगर पश्चिम में 283 से 385, रायपुर नगर उत्तर में 204 से 259, रायपुर नगर दक्षिण में 253 से 344, आरंग में 251 से 305 और अभनपुर में 241 से बढ़कर 281 मतदान केंद्र हो गए हैं।

पुनरीक्षण से पहले जिले में कुल 20 लाख से ज्यादा मतदाता थे। जांच के दौरान मतदाताओं को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी ‘ए’ में वे मतदाता हैं, जिनका नाम 2023 की गहन पुनरीक्षण सूची में पहले से था। श्रेणी ‘बी’ में वे लोग हैं, जिनका नाम तो उस सूची में नहीं था, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम दर्ज था। वहीं श्रेणी ‘सी’ में ऐसे मतदाता हैं, जिनका और उनके परिवार के किसी सदस्य का नाम भी उस सूची में नहीं था।

श्रेणी बी और सी के मतदाताओं को ई-आरओ के जरिए नोटिस भेजा जाएगा। उन्हें अपनी जन्मतिथि साबित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा मान्य 13 दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। दस्तावेज सही पाए जाने पर ही उनका नाम मतदाता सूची में बना रहेगा।

इस दौरान कई फॉर्म अप्राप्त भी पाए गए हैं। इनमें 84 हजार से ज्यादा मामले मृत्यु के हैं। वहीं 23 हजार से ज्यादा मतदाता अनुपस्थित या पता नहीं चलने वाले हैं। करीब 3.87 लाख मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं। कुल मिलाकर 5.11 लाख से ज्यादा फॉर्म अप्राप्त रहे हैं।

जो मतदाता जिले की दूसरी विधानसभाओं में शिफ्ट हुए हैं, उनके लिए फॉर्म-6 भरा जा रहा है। 23 दिसंबर 2025 तक कुल 19,538 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं, जिनमें 7,825 ऑनलाइन और 11,713 ऑफलाइन हैं।

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के अनुसार अब रायपुर जिले में कुल 14,89,251 मतदाता हैं। इनमें 7,39,821 पुरुष, 7,49,309 महिलाएं और 121 अन्य मतदाता शामिल हैं। यह आंकड़े दिखाते हैं कि रायपुर में मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई