अबूझमाड़ मुठभेड़ में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 27 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

नारायणपुर। अबूझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा के सीमावर्ती इलाके में 21 मई को हुई मुठभेड़ में अब तक 27 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में हथियार भी मिले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ नक्सलियों की केंद्रीय समिति, पोलित ब्यूरो और माड़ डिवीजन से जुड़े बड़े कैडरों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद की गई। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए डीआरजी (DRG) की टीमें – नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव से – संयुक्त रूप से ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थीं।
बताया जा रहा है कि इस अभियान में कई सीनियर माओवादी या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कठिन भौगोलिक हालात और तमाम चुनौतियों के बावजूद सुरक्षा बल पूरी दृढ़ता और हिम्मत से इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान DRG का एक जवान शहीद हो गया, जबकि कुछ अन्य घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज दिया गया और वे अब खतरे से बाहर हैं।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। यह अभियान वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।





