रायगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लीटर महुआ शराब जब्त, दो बाइक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने मंगलवार को नवापारा क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो मोटरसाइकिल सहित कुल 51,500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पहली कार्रवाई ग्राम नवापारा के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बाइक से शराब लेकर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राजेश कुमार निषाद (26 वर्ष) को पकड़ा, जिसकी बाइक से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। बाइक समेत कुल जब्ती की कीमत 21,500 रुपये बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई लिटाईपाली रोड स्थित नहर पार पुल के पास हुई, जहां दो युवक बाइक से शराब ले जाते पकड़े गए। तलाशी में एक के पास से 15 लीटर और दूसरे के पास से 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों के नाम अमी लाल निषाद (33 वर्ष) और गनपत निषाद (21 वर्ष) हैं। इनके पास से 31,500 रुपये मूल्य की शराब और बाइक जब्त की गई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई डीपी चौहान, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह सिदार और आरक्षक चन्द्रेश पाण्डे व शिवानंद प्रधान ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।





