रायपुर में IT विभाग की बड़ी कार्रवाई: लोहा कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

रायपुर। शहर में आयकर विभाग (IT) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह छापे दो से तीन बड़े कारोबारियों के घर, दफ्तर और औद्योगिक प्लांट में एक साथ मारे गए, जिससे पूरे व्यापार जगत में हलचल मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम ने ओम स्पंज के मालिक अरविंद अग्रवाल और अमर अग्रवाल के ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया। दोनों पर आय के असली स्रोतों को छिपाने और संदिग्ध लेन–देन के जरिए कर चोरी करने के आरोप हैं।
अधिकारियों ने सुबह से ही उनके घरों, ऑफिस और प्लांटों में दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में कई अहम रिकॉर्ड मिलने की बात सामने आ रही है।
इसके साथ ही कुछ अन्य कारोबारियों से जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी छापे डाले गए हैं, जिससे मामला और भी बड़ा होता दिख रहा है। आयकर विभाग फिलहाल सभी दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच कर रहा है।





