बिलासपुर-दुर्ग में ED का बड़ा एक्शन: कारोबारी के ठिकानों से 17 किलो सोना-हीरों के हार जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में चर्चित शराब घोटाले और भारतमाला मुआवजा घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बिलासपुर और दुर्ग में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी सूत्रों के मुताबिक बिलासपुर में कारोबारी विवेक अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करीब 17 किलो सोना, हीरों के हार और भारी मात्रा में कैश जब्त किया गया है। कार्रवाई गुरुवार तड़के शुरू हुई और करीब 22 घंटे तक चली।
जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सुबह-सुबह मैग्नेटो मॉल के पीछे स्थित विवेक अग्रवाल के घर पहुंची। टीम ने घर के सभी एंट्री गेट सील कर दिए और सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई। अधिकारियों ने दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और करोड़ों रुपए के निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। साथ ही सदर बाजार स्थित श्रीराम ज्वेलर्स में भी जांच की गई, जहां स्टॉक और लेनदेन के दस्तावेजों की पड़ताल हुई।
विवेक अग्रवाल का भाई विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू शराब घोटाले में फरार बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह कारोबारी अनवर ढेबर का करीबी है और शराब सिंडिकेट में सक्रिय भूमिका निभाता था। ईडी को शक है कि घोटाले से जुड़ी रकम ज्वेलरी और बेनामी संपत्तियों में निवेश की गई है।
इधर दुर्ग में भी ईडी ने भाजपा नेता और कारोबारी चतुर्भुज राठी के घर और दफ्तर में दबिश दी। उनकी कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं भिलाई में कारोबारी गोविंद मंडल के घर और फैक्ट्री में भी टीम पहुंची।
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई शराब घोटाले और भारतमाला परियोजना में हुए करोड़ों रुपए के कथित घोटाले से जुड़े नेटवर्क की जांच का हिस्सा है।





