ओडिशा–आंध्र सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 205 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त

ओडिशा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की हशीश तेल और लगभग पांच करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई कोरापुट जिले के झोलापुट जलाशय के समीप जंगल क्षेत्र में बनाए गए एक गुप्त डिपो पर की गई।
पुलिस के अनुसार, डिपो ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा पर रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया था, जहां गांजे से तेल निकालकर हशीश तैयार की जा रही थी। तैयार माल को देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने की योजना थी। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार हशीश तेल और गांजा बरामद किया गया।
मामले में हरियाणा से आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि डिपो संचालित करने वाले मुख्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।
सूत्रों के मुताबिक, बस्तर से सटे ओडिशा के मलकानगिरी और कोरापुट जिले लंबे समय से अवैध गांजा उत्पादन के लिए चिन्हित रहे हैं। दुर्गम जंगल और पहाड़ी इलाकों में उगाई गई फसल को स्थानीय नेटवर्क के जरिए विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। जांच में यह भी सामने आया है कि जगदलपुर मार्ग को ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने की तैयारी थी, जहां से मादक पदार्थ मध्य और उत्तर भारत तक पहुंचाए जाते।
हशीश गांजे से निकाले गए रेज़िन या तेल से तैयार की जाने वाली एक गाढ़ी नशीली सामग्री है। इसकी मात्रा कम होती है, लेकिन नशे की तीव्रता अधिक होने के कारण इसकी बाजार में ऊंची कीमत मिलती है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।





