रायपुर में प्रदूषण फैलाने वाले 11 उद्योगों पर बड़ी कार्रवाई, उत्पादन बंद कर काटे गए बिजली कनेक्शन

राजधानी रायपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने सख्त कार्रवाई की है। नियमों का उल्लंघन करने पर पुष्प स्टील्स और एसकेए इस्पात समेत कुल 11 उद्योगों का उत्पादन बंद कराया गया है और उनके बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी किए गए हैं।

क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 10 से 25 फरवरी 2026 के बीच विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई इकाइयों में वायु प्रदूषण सहित अन्य पर्यावरणीय मानकों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

चरौदा स्थित मेसर्स पुष्प स्टील्स एंड माइनिंग प्रा. लिमिटेड में अत्यधिक वायु प्रदूषण मिलने पर 10 फरवरी को विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की गई। इसी प्रकार सिलतरा स्थित एसकेए इस्पात और गोंदवारा के छत्तीसगढ़ फेरो ट्रेडर्स में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर इकाइयों को सील कर दिया गया।

रावांभाठा के मेटल पार्क क्षेत्र में भी अवैध और प्रदूषणकारी स्लैग क्रशर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में 9 स्लैग क्रशर्स, 1 बाइंडिंग वायर यूनिट और 1 स्टील फर्नीचर इकाई बिना अनुमति संचालित पाई गईं।

कार्रवाई की जद में आने वाली इकाइयों में चंद्रमौली इंटरप्राइजेस (जैन ब्रिक्स), श्रीराम वॉयर्स, बसंत अग्रवाल, निशांत ट्रेडर्स (जैन ब्रिक्स यूनिट-2), भाईजी स्टील, भाईजी स्टील यूनिट-2, गुप्ता ट्रेडर्स (मौर्य ब्रिक्स), वीरेन्द्र शर्मा (देवेन्द्र कुमार पटेल), अमित सैनी (उमाशंकर साहू), रवि स्टील इंडस्ट्रीज (देवेन्द्र पटेल) और मयंक इंडस्ट्रीज (राहुल पटेल) शामिल हैं।

मंडल ने उत्पादन बंद कराने के साथ ही आर्थिक दंड भी अधिरोपित किया है। उल्लंघन की अवधि को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख उद्योगों पर कुल 9 लाख 22 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि लगाई गई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित उद्योग पर्यावरणीय मानकों, वैधानिक प्रावधानों और स्वीकृति की शर्तों का पूर्ण पालन सुनिश्चित नहीं करते, तब तक उन्हें संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में वायु और जल प्रदूषण की निगरानी के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई