छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई,भाटिया और वेलकम डिस्टलरी16 वाहन जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 16 वाहनों को जब्त किया है। वेलकम डिस्टलरी (कोटा, बिलासपुर) और भाटिया वाइंस डिस्टलरी (सरगांव, मुंगेली) से ये वाहन जब्त किए गए हैं।
जांच में डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) को डिस्टलरियों से सीधे चयनित शासकीय शराब दुकानों तक पहुंचाने में किया जाता था। इस काम के लिए डिस्टलरी मालिकों द्वारा कंपनियों, कर्मचारियों और भरोसेमंद लोगों के नाम पर खरीदी गई गाड़ियों का उपयोग किया जा रहा था।
8-8 वाहन जब्त, केडिया डिस्टलरी की जांच जारी
विवेचना में वेलकम डिस्टलरी से 8 और भाटिया वाइंस डिस्टलरी से 8 वाहन चिन्हित कर जब्त किए गए हैं। वहीं केडिया डिस्टलरी में भी निजी गाड़ियों के उपयोग को लेकर अलग से जांच जारी है।
भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में जांच की जा रही है। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर वाहनों की डिस्टलरीवार पहचान की गई है।
एसीबी-ईओडब्ल्यू ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में आगे भी विवेचना जारी रहेगी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई लगातार की जाएगी।





