सुकमा–बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 17 नक्सली ढेर, कई कमांडर मारे गए

सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। नक्सली कमांडर बारसे देवा के सरेंडर के बाद लाल आतंक पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसी कड़ी में सुकमा के कोन्टा और किस्टाराम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में डीआरजी (DRG) के जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमांडर सचिन मंगडू भी शामिल है।
इस मुठभेड़ में ASP आकाश राव गिरपूंजे की हत्या में शामिल सभी नक्सली कमांडरों को भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी सुकमा के पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण खुद कर रहे हैं।
वहीं बीजापुर और सुकमा जिलों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में भी सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। बीजापुर में 2 और सुकमा में 3 नक्सली ढेर किए गए हैं। बीजापुर के दक्षिण क्षेत्र में डीआरजी की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, तभी नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे से रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों से AK-47 और INSAS जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बारसे देवा के सरेंडर के बाद नक्सलियों पर यह दोहरा प्रहार है और आने वाले समय में अभियान और तेज किया जाएगा।





