अटल यूनिवर्सिटी कैंपस में बड़ा हादसा टला, 11KV लाइन की चपेट में आया हाइवा, धू-धू कर जला वाहन

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र स्थित अटल यूनिवर्सिटी कैंपस में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कैंपस में निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी डंप कर रहे एक हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। घटना हाइवा चालक की गंभीर लापरवाही के कारण हुई।
जानकारी के अनुसार, हाइवा (क्रमांक CG 10 BJ 4727) गिट्टी खाली कर रहा था। इसी दौरान चालक ने ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन पर ध्यान नहीं दिया और वाहन की डाला ऊपर उठा दी। डाला जैसे ही बिजली के तार के संपर्क में आई, पूरे हाइवा में तेज करंट फैल गया और देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते हाइवा से कूदकर अपनी जान बचा ली। लेकिन उसकी एक चूक से वहां मौजूद दर्जनों मजदूरों की जान खतरे में पड़ गई थी। अगर हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गिर जाता, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आग लगने से हाइवा को भारी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल मामले को लेकर जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।





