मैनपाट महोत्सव 2026 में सजेगा सुरों और रोमांच का रंगीन संगम, मनोज तिवारी और कनिका कपूर देंगे प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। यह तीन दिवसीय महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत प्रस्तुतियों और एडवेंचर गतिविधियों से भरपूर रहेगा।

महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं और लंबे समय बाद इस महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी की गई है। राज्य शासन द्वारा आयोजन के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

पहले दिन भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के छउ नृत्य कलाकार हरिपद मोहंता भी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकार भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

दूसरे दिन सरगुजा के गायक स्वप्निल जायसवाल, छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर और रियलिटी शो से चर्चित वैशाली रायकवार मंच पर नजर आएंगी। इस दिन ओडिशा के कलाकारों की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रहेगी।

तीसरे और अंतिम दिन बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति से समापन समारोह को यादगार बनाएंगी। इसके अलावा रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और उभरते गायक आयुष नामदेव भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

महोत्सव के दौरान एडवेंचर गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। पैरा सेलिंग, नौका विहार, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे आयोजन सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मैनपाट की प्राकृतिक सुंदरता और ठंडे मौसम के कारण यहां सालभर पर्यटक पहुंचते हैं। खासकर सर्दियों में यहां पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान दिलाने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई