महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिली नई ताकत, नारायणपुर की भुनेश्वरी बनी मिसाल

नारायणपुर। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुधार के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। इस योजना के तहत विवाहित, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
नारायणपुर के ग्राम बेनूर की गृहिणी भुनेश्वरी बघेल इस योजना की मिसाल बन गई हैं। पहले घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई का बोझ उठाना उनके लिए मुश्किल था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से वे बच्चों की शिक्षा, स्कूल ड्रेस, किताब-कॉपी और घर-दुकान के सामान की जरूरत पूरी कर रही हैं। भुनेश्वरी ने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या योजना में भी खाता खुलवाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, “यह योजना मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं है।”
प्रदेश में 70 लाख से ज्यादा महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। सिर्फ नारायणपुर जिले में ही हर महीने 27 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में 2 करोड़ 78 लाख रुपये से ज्यादा की राशि पहुंच रही है, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजाति की 3,687 महिलाएं भी शामिल हैं। इस योजना ने सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रही महिलाओं को नई ताकत दी है।





