नए यूजीसी एक्ट 2026 के विरोध में स्वर्ण समाज की महापंचायत, रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

नए यूजीसी एक्ट 2026 के विरोध में स्वर्ण समाज ने कवर्धा में महापंचायत आयोजित कर रैली निकाली और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कानून को वापस लेने की मांग की। महापंचायत में करीब 15 प्रमुख समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि यह कानून स्वर्ण समाज के विद्यार्थियों के शिक्षा अधिकारों के लिए नुकसानदायक है और इसे जबरन लागू किया जा रहा है, जिससे युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने इसे काला कानून बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।
सभा में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने मंच से अपने विचार रखे और कहा कि किसी भी नए शिक्षा कानून को लागू करने से पहले सभी वर्गों और समाजों से व्यापक चर्चा होना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह कानून वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
महापंचायत के बाद स्वर्ण समाज के लोगों ने शहर में रैली निकाली। रैली गांधी मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिग्नल चौक तक पहुंची। इस दौरान लोग हाथों में यूजीसी कानून रद्द करो, UGC Rollback, सभी वर्गों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू हो और स्वर्ण समाज के साथ भेदभाव बंद करो जैसे नारे लिखे बैनर और तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।
विरोध प्रदर्शन में जिले के कवर्धा, पंडरिया, सहसपुर लोहारा और बोड़ला ब्लॉक से स्वर्ण समाज के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिला शक्ति, युवा वर्ग और विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
महापंचायत और रैली के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की तैनाती रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि समाज के लोगों ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।
रैली के समापन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नए यूजीसी एक्ट 2026 को वापस लेने की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि यदि यह कानून वापस नहीं लिया गया तो प्रदेश और देश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।





