महंत बोले लाठी लेकर जाएंगे विधानसभा, ओपी बोले कांग्रेस में चल रही सिर फटौव्वल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी सिर फुटौव्वल की स्थिति है।
कांग्रेस के नेता अब एक-दूसरे पर ही लाठियां चलाने की बात कर रहे हैं। ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति भय और आतंक पर आधारित है। उनकी सरकार में भी प्रदेशभर में डर और दबाव का माहौल बना रहता था। जनता ने ऐसे माहौल से तंग आकर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया और उन्हें उनकी सही जगह दिखा दी।
ओपी चौधरी ने राज्य सरकार द्वारा महिला समूहों को रेडी टू ईट योजना का काम सौंपने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि रायगढ़ में मुख्यमंत्री ने स्वयं बहनों को अनुबंध पत्र सौंपे हैं। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं को काम देने का वादा किया था, जिसे अब निभाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने कमीशनखोरी के चलते बहनों से रोजगार छीन लिया था और उनके पेट पर लात मारी थी। अब भाजपा सरकार उन्हें उनका हक वापस दिला रही है।
आबकारी विभाग में 22 अधिकारियों के निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का रुख भ्रष्टाचार को लेकर पूरी तरह से सख्त है। उन्होंने साफ किया है कि राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। कांग्रेस को 20 हजार महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में रोजगार खोया था।





