सरगुजा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, बढ़ा तापमान

रायपुर। राजधानी और प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ने से लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। हालांकि शनिवार को उत्तरी जिलों में हल्की बारिश हुई, लेकिन अगले 3-4 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में वर्षा में कमी और तापमान में वृद्धि की आशंका है। 21 सितंबर को रायपुर में आसमान मेघाच्छादित रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वर्षा का असर खासकर सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में अधिक रहेगा।

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। सुबह हवा में नमी 86% और शाम को 67% रही, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस हुई। वहीं, राजनांदगांव में सर्वाधिक तापमान और पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर अंडमान सागर और म्यांमार तट पर बने चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तथा 25 सितंबर को पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दाब क्षेत्र के कारण 24 सितंबर तक वर्षा बढ़ सकती है। इसके बाद प्रदेश में बारिश कम होगी और गर्मी का असर और बढ़ेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सोमवार को गरज-चमक और एक-दो स्थानों पर वज्रपात हो सकता है। लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। बारिश का प्रभाव मुख्यतः सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में रहने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button