छत्‍तीसगढ़ में हल्की बारिश का अलर्ट, जानें IMD का ताजा अपडेट…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन लगातार जारी है, जिससे प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश रामानुजगंज में 60 मिमी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस सुकमा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।

धीरे-धीरे हो रही है दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे वापसी कर रहा है। मानसून की वापसी रेखा इस समय नौतनवा, सुल्तानपुर, पन्ना, नर्मदापुरम, खरगोन, नंदुरबार, और नवसारी से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरी तरह से लौटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे होगी कम

इस मानसून की वापसी के साथ, छत्तीसगढ़ और आस-पास के क्षेत्रों में मौसम के बदलाव का दौर शुरू हो रहा है। मानसून के कमजोर पड़ने के कारण बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होती जाएंगी, और सूखे मौसम की स्थिति बनने लगेगी। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना अभी भी बनी रहेगी।

इस मौसमी बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। छत्तीसगढ़ में मानसून के समाप्ति के बाद सुबह और शाम को ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन के समय तापमान अभी भी थोड़ा गर्म रहेगा। जैसे-जैसे मानसून की वापसी पूरी होगी, प्रदेश में शुष्क और ठंडे मौसम का आगमन होगा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत, छह घायल

लगातार हो रही बारिश के कारण राजधानी समेत प्रदेशभर के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। सोमवार को रायपुर के ग्रामीण इलाकों में आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश के दौरान सिलियारी में बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई और छह महिलाएं घायल हो गई।

इन इलाकों में हुई इतनी बारिश

  1. रामानुजगंज: 60 मिमी
  2. गंगालूर: 40 मिमी
  3. लोहांडीगुड़ा, कुकरेल, पत्थलगांव, चांदो: 30 मिमी
  4. बीजापुर, रामानुजनगर: 20 मिमी
  5. तोकापाल, उसूर, बतौली, सूरजपुर, सामरी, अभनपुर: 10 मिमी
  6. अन्य स्थानों पर 10 मिमी से कम वर्षा दर्ज की गई।
Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button