दिल्ली में छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट की शुरुआत,सीएम साय हुए शामिल, जेके लक्ष्मी सीमेंट ने बढ़ाई निवेश में रुचि

रायपुर। छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन मुलाक़ातें सोमवार से नई दिल्ली में शुरू हो गईं। कार्यक्रम के पहले ही चरण में जेके लक्ष्मी सीमेंट के शीर्ष अधिकारी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और राज्य में औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ में अपने मौजूदा प्लांट के कार्यों को बढ़ाने के साथ-साथ नए निवेश अवसरों की तलाश में भी गहरी रुचि रखते हैं। उनके अनुसार, राज्य की बेहतर आधारभूत सुविधाएँ, अनुकूल वित्तीय माहौल और तेज़ी से बढ़ता औद्योगिक विकास उन्हें छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित कर रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, स्थिर माहौल और विकसित होते उद्योगिक ढांचे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को सरल, सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने कंपनी को राज्य में अपनी परियोजनाओं के विस्तार और नई इकाइयों की स्थापना पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में सिंगल-विंडो सिस्टम, पर्याप्त भूमि की उपलब्धता, बेहतर लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन जैसे फायदे निवेशकों के लिए बड़े आकर्षण हैं।
सरकार के इस प्रयास से उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य में नए उद्योगों और निवेश के अवसर तेजी से बढ़ेंगे।





