ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा: ‘खिलाड़ी बुक’ पैनल से चल रहा था खेल, 13 लाख कैश समेत 4 गिरफ्तार

बिलासपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “खिलाड़ी बुक” पैनल के जरिए संचालित हो रहे सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में सटोरियों और हवाला कारोबार से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 48 हजार रुपए नकद, 27 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, कार और स्कूटी जब्त की है।

मोबाइल फोन से संचालित हो रहा था सट्टा

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। इसके बाद ACCU और सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों पर नजर रखनी शुरू की।

रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके से संतोष जसवानी, करन श्रीवास, आशीष जसवानी और एक नाबालिग को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग बैंक खातों और एटीएम कार्डों के जरिए पैसों का लेन-देन कर रहे थे।

हवाला के जरिए पहुंचाई जा रही थी रकम

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी संतोष जसवानी ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहा था। वहीं आशीष जसवानी सट्टे से आने वाली रकम को हवाला के जरिए पहुंचाने का काम करता था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सुराग भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार बाहर के बड़े सटोरियों और ऑनलाइन पैनलों से भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल जब्त मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेजों की तकनीकी जांच की जा रही है।

तीन बड़े सटोरियों पर लुक आउट सर्कुलर जारी

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि जिले में सट्टेबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। फरार तीन बड़े सटोरियों रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में सक्रिय थे। मामले में आगे भी कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button