LAPARVAHI: रायपुर के ज्वेलरी शोरूम में फंसे ग्राहक, कवरेज करने गए मीडियाकर्मियों से बाउंसर ने की धक्का मुक्की, गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स शोरूम का शटर लॉक हो गया, जिससे ग्राहक अंदर फंस गए। महिलाएं और बच्चे करीब 1 घंटे तक परेशान रहे। शटर इतना जाम हो गया कि न कोई अंदर जा सकता था, न बाहर आ सकता था। रात 9 बजे हुई इस घटना में फायर एग्जिट भी नहीं था।

मामला दबाने के लिए कल्याण प्रबंधन ने पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना नहीं दी थी। शोरूम के अंदर फंसे ग्राहको की सूचना मिलने पर मीडियाकर्मी कवरेज करने पहुंचे, तो शोरूम के कर्मचारियों ने उनसे अभद्रता की और वीडियो बनाने के दौरान मोबाइल-कैमरा छीनने की कोशिश की। मीडियाकर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शोरूम का शटर कटवाकर ग्राहको को बाहर निकाला और मीडियाकर्मियों से अभद्रता करने वाले कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपियों को न्यायाल में पेश किया है। आरोपियों पर आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।

सुबह माफी मांगता दिखा प्रबंधन
रसूखदारी के चलते कल्याण ज्वेलर्स शोरूम के प्रबंधन ने मीडियाकर्मियों से विवाद तो कर दिया, लेकिन मीडियाकर्मियों की जिद के कारण देर रात गिरफ्तारियां शुरू हुई, तो शो रूम के कर्मचारी माफी मांगने लगे। शनिवार दोपहर तक शोरूम के जिम्मेदारी मीडियाकर्मियों से सॉरी बोलते दिखे और मामला खत्म करने की गुजारिश करते रहे।





