SECL में धूमधाम से मनाया गया मजदूर दिवस, खनिकों के समर्पण को मिला सम्मान

बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में आज मजदूर दिवस के अवसर पर खनिक दिवस बड़े जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ निदेशकगण, पूर्व अधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिला मंडल की सदस्याएं और कंपनी के कर्मचारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन और शहीद श्रमिकों को श्रद्धांजलि देकर की गई। श्री दुहन ने खनिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एसईसीएल की असली ताकत इसके मेहनती श्रमिक हैं। उन्होंने कहा कि टीम वर्क से हम हर चुनौती का समाधान निकाल सकते हैं।
इस अवसर पर अलग-अलग क्षेत्रों और परियोजनाओं में शानदार काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। ‘बेस्ट एरिया परफॉर्मेंस’ का खिताब रायगढ़, भटगांव और जोहिला क्षेत्रों को मिला। वहीं जगन्नाथपुर, आमाडांड, राजनगर, रानीअटारी, भटगांव और बिजारी क्षेत्रों को ‘बेस्ट ओपनकास्ट और अंडरग्राउंड परफॉर्मेंस’ के लिए पुरस्कार मिला।
व्यक्तिगत श्रेणियों में भी एसडीएल, एलएचडी, ड्रिल, यूडीएम ऑपरेटरों के साथ-साथ अंडरग्राउंड वर्कर्स, डंपर, शावेल और डोजर ऑपरेटरों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सीएसआर, पर्यावरण, सुरक्षा, जनसंपर्क, राजभाषा जैसे कई विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और इकाइयों को भी पुरस्कार मिले।
गेवरा क्षेत्र और सीडब्ल्यूएस कोरबा को नवाचार पुरस्कार मिला, जबकि कंपनी के अध्यक्ष श्री हरीश दुहन को ‘सर्वोत्कृष्ट खनिक सम्मान’ से नवाजा गया।
पूर्व निदेशक (एचआर) श्री आर.एस. सिंह ने इस भव्य आयोजन की तारीफ की और एसईसीएल के सुनहरे भविष्य की कामना की। श्रमिक संगठनों ने भी कर्मचारियों की मेहनत और कंपनी के कल्याणकारी प्रयासों की सराहना की।





