कोरबा: अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेरा, जमकर हुआ हंगामा

कोरबा जिले के बेचुल भाटा गांव में उस समय तनाव फैल गया, जब अवैध शराब की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया।दरअसल, उरगा थाना की पुलिस टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। लेकिन जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया और पुलिस टीम को घेर लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस शराब मिलने पर जब्ती की मात्रा बढ़ाने की धमकी देती है और कार्रवाई से बचाने के बदले मोटी रकम वसूलती है। इसी बात को लेकर लोगों में भारी नाराजगी थी।घटना के दौरान दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
बता दें कि कोरबा जिले में हाल ही में अवैध शराब के खिलाफ कई अभियान चलाए गए हैं। 19 मई 2024 को आबकारी विभाग ने बड़ी मात्रा में 66 लीटर कच्ची शराब, 600 किलो महुआ, 625 लीटर महुआ और 135 पाव देशी शराब जब्त की थी।
यह घटना पुलिस और ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव को साफ तौर पर दिखा रही है।





