कोरबा: भूमि अधिग्रहण में बड़ा फर्जीवाड़ा, मुआवजा सूची में निकले 152 काल्पनिक मकान

कटघोरा। कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में एसईसीएल (SECL) की विस्तार परियोजना के लिए मलगांव में किए गए भूमि अधिग्रहण के दौरान बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में पता चला कि मुआवजा सूची में शामिल 152 मकान असल में वहां मौजूद ही नहीं थे। इन मकानों के नाम पर मुआवजा लिया जा रहा था।
इस खुलासे के बाद कटघोरा के एसडीएम ने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन मकानों का मुआवजा निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, कलेक्टर ने इस मामले की जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद एसडीएम ने मलगांव में चिन्हित संपत्तियों का गहराई से निरीक्षण किया।
जांच में पाया गया कि मुआवजे की सूची में दर्ज 152 मकानों का भौतिक रूप से कोई अस्तित्व ही नहीं था। इनमें से 78 मकानों की सूची खुद एसईसीएल दीपका ने दी थी, जो मौके पर नहीं मिले। बाकी 74 मकानों की सूची राजस्व कर्मचारियों ने तैयार की थी, जिसमें 2018 से 2022 के बीच की गूगल अर्थ तस्वीरें लगाई गई थीं। तस्वीरें देखने पर साफ हो गया कि ये मकान भी जमीन पर नहीं हैं।
मई 2025 में विस्थापन के दौरान यह फर्जीवाड़ा सामने आया। अब प्रशासन ने इस मामले में मुआवजे पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।





