कोरबा: रेलवे साइडिंग की पोखरी में युवक का शव मिला, पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस

कोरबा। गुरुवार सुबह कोरबा रेलवे साइडिंग के पास स्थित एक पोखरी में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 10:10 बजे जब एक ट्रेन कोरबा स्टेशन पर पहुंची, तो उतरने वाले यात्रियों की नजर पोखरी में जलकुंभी के बीच फंसे हुए शव पर पड़ी।

यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव पोखरी में काफी अंदर फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालने के लिए नगर सेना के गोताखोरों की मदद ली गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों को मौके पर बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है और शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की गई है।

प्रारंभिक जांच में अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक मछली पकड़ने आया होगा और जलकुंभी में फंसने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। शव की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button