बिहार में पहली बार होगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, समस्तीपुर पहुंची मशाल गौरव यात्रा

बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन होने जा रहा है। यह खेल महाकुंभ 4 मई से 15 मई तक नालंदा, पटना, गया, भागलपुर और बेगूसराय जैसे शहरों में आयोजित किया जाएगा। इस बड़े आयोजन में देशभर से हजारों युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मशाल गौरव यात्रा का भव्य स्वागत
खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं में जोश भरने के लिए राज्य के सभी 38 जिलों से होकर ‘मशाल गौरव यात्रा’ निकाली जा रही है। गुरुवार को यह यात्रा समस्तीपुर पहुंची, जहां युवाओं, खेल प्रेमियों और आम जनता ने इसका जोरदार स्वागत किया। स्थानीय प्रशासन और खेल विभाग की मौजूदगी में माहौल उत्साह से भर गया।
मशाल गौरव यात्रा का मकसद युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करना है। यह यात्रा हर जिले में खेलों को लेकर जागरूकता फैला रही है और युवाओं को खेल के लिए प्रेरित कर रही है।
सीएम नीतीश कुमार ने किया था शुभारंभ
इस मशाल यात्रा की शुरुआत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर की थी। इससे पहले यह यात्रा बेगूसराय पहुंची थी, जहां भी लोगों ने इसे बड़े उत्साह से स्वागत किया।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बिहार के लिए एक ऐतिहासिक मौका है। इससे राज्य के युवाओं को देश के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। यह आयोजन बिहार में खेलों के भविष्य को एक नई दिशा देगा और युवाओं को सेहतमंद और सक्रिय जीवन के लिए प्रेरित करेगा।





