कवासी लखमा ने भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत से की मुलाकात, बस्तर के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री और बस्तर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता कवासी लखमा आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बघेल के परिवारजनों से मुलाकात की। भूपेश बघेल ने इस अवसर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि रायपुर निवास में परिवार के सदस्यों द्वारा बस्तर के जननेता और आदिवासियों की मुखर आवाज कवासी लखमा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सभी एकजुट हैं और संघर्ष जारी रहेगा।
टीएस सिंहदेव से भी हुई मुलाकात
कवासी लखमा ने पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से भी मुलाकात की। सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पूर्व मंत्री एवं कोंटा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक कवासी लखमा से सौजन्य भेंट हुई। आदिवासी समाज के अधिकारों और बस्तर की अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

चरणदास महंत ने दी विधानसभा सत्र की तैयारी की सलाह
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से भी कवासी लखमा ने मुलाकात की। महंत ने एक्स पर लिखा कि पूर्व मंत्री एवं कोंटा विधानसभा के जनप्रिय विधायक कवासी लखमा से सौजन्य भेंट हुई। जमानत मिलने पर उन्हें बधाई दी गई और आगामी विधानसभा सत्र को लेकर विधिक राय लेकर तैयारी करने की सलाह दी गई।






