कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व विवाद पर परमेश्वर सख्त, बोले– अब बयानबाजी बंद हो

बेंगलुरु। कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने पार्टी नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अब इस मुद्दे पर सार्वजनिक बयानबाजी तुरंत बंद होनी चाहिए।
परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पहले ही साफ निर्देश दे चुके हैं कि इस विषय पर कोई भी नेता अनावश्यक बयान न दे, लेकिन इसके बावजूद विधायक और नेता लगातार अपनी-अपनी राय सार्वजनिक रूप से रख रहे हैं, जो सरकार की छवि के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, “अब बहुत हो गया, इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को अंदरूनी राजनीति में उलझने के बजाय शासन और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जनता की अपेक्षाएं सरकार से जुड़ी हुई हैं और ऐसे में नेतृत्व विवाद की चर्चाएं गलत संदेश देती हैं।
हाल ही में मुख्यमंत्री के बेटे द्वारा यह कहे जाने के बाद कि उनके पिता पूरा पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे, विवाद फिर तेज हो गया। वहीं उपमुख्यमंत्री के समर्थक भी अपने नेता को अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने का दावा कर रहे हैं। इन बयानों से पार्टी के अंदर खींचतान खुलकर सामने आ गई है।
परमेश्वर ने कहा कि पार्टी आलाकमान सही समय पर उचित निर्णय लेगा और वे स्वयं भी इस मामले पर शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगे। उन्होंने दोहराया कि फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान प्रशासन और विकास पर होना चाहिए, क्योंकि जनता की नजरें सरकार के कामकाज पर टिकी हैं।





